अवैध निर्माण पर अब निगम कसेगा शिकंजा
-अवैध निर्माणकर्ता से वसूला जाएगा सीलिंग खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने के लिए नगर निगम ने इंफोर्समेंट टीम में बढ़ोतरी की है। अब निगम क्षेत्र के प्रत्येक जोन में दो-दो जूनियर इंजीनियर को आउटसोर्स पर भर्ती कर इनफोर्समेंट में लगाया गया है। निगमायुक्त ने अवैध निर्माण करने वालों की कार्रवाई में निगम के होने वाले खर्चे अवैध निर्माण करने वालों से वसूलने का आदेश दिया है।
लगातार अवैध निर्माणों की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से निगम ने आउटसोर्स पर छह जूनियर इंजीनियर को भर्ती कर निगम क्षेत्र के अलग-अलग जोन में ड्यूटी लगाई है। प्रत्येक जोन में नियुक्त इनफोर्समेंट टीम के एक स्थाई जेई और दो अस्थाई जेई अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसेंगे। जोन एक में स्थाई जेई रोहित कुमार को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है तथा दो अस्थाई जेई प्रदीप व नवीन को लगाया गया है। जोन दो में जेई रोहित को स्थाई और रोहित व विजय को अस्थाई तौर पर लगाया गया है। जोन तीन में जेई दीपक कुमार स्थाई, जेई आशीष व आरिफ को अस्थाई तौर पर लगाया गया है। जोन चार में जेई नवीन कुमार को स्थाई और मोहित शर्मा व नीरज को अस्थाई तौर पर लगाया गया है।