10 से 12 जुलाई तक होगा जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-131 स्थित प्रोमेथियस स्कूल में जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 12 जुलाई तक होगा। इसका उद्देश्य जिले में तैराकी को बढ़ावा देना और नई प्रतिभाओं को मंच देना है। यह प्रतियोगिता अंडर-10, अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में होगी। फ्री स्टाइल, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बैक स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक और इंडिविजुअल मेडले में तैराक भाग लेंगे। लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी।
फ्री स्टाइल में 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर में प्रतियोगिता होगी। इंडिविजुअल मेडले में 200 मीटर व 400 मीटर और ब्रेस्ट स्ट्रोक, बैक स्ट्रोक व बटरफ्लाई स्ट्रोक में 50 मीटर, 100 मीटर व 200 मीटर में इसका आयोजन होगा।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले लखनऊ में दिखाएंगे दम
जिला तैराकी संघ सचिव सुरेश देशवाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता गौतमबुद्ध नगर के अंडर-10 से अंडर-19 तक के सभी तैराकों के लिए ओपन है। इसमें अब तक लगभग 250 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और हमें उम्मीद है कि जिले के 300 से अधिक तैराक इसमें प्रतिभाग करेंगे। इसमें बेहतर करने वाले खिलाड़ी 23 से 26 जुलाई तक लखनऊ में होने वाले उत्तर प्रदेश तैराकी चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले तैराकों के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का रास्ता खुलेगा, जो छह अगस्त से जयपुर में खेली जाएगी।