- धनतेरस से शुरू होगी व्यवस्था, चालक-परिचालकों को मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। दिवाली और छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) नोएडा से बसों के करीब 300 अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। यह व्यवस्था धनतेरस से शुरू होकर छठ पूजा समाप्त होने तक जारी रहेगी। त्योहारों पर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इसके लिए चालक और परिचालकों को भी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि पिछले साल की तरह इस बार भी त्योहारों के दौरान बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए जाएंगे। प्रतिदिन करीब 300 अतिरिक्त फेरे लगाने का अनुमान है। धनतेरस से ही अतिरिक्त बस संचालन शुरू कर दिया जाएगा, ताकि दिवाली के लिए घर जाने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। छठ पूजा के दौरान भी यात्रियों की मांग के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त फेरे लगाने के लिए चालक और परिचालकों को अधिक काम करना होगा। इसे देखते हुए उन्हें अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।