तावडू। गोटास्क टीम नूंह ने रविवार देर शाम तस्करों के चंगुल से तीन गोवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गो संरक्षण एवं गो संवर्धन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोटास्क टीम नूंह के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि सीएस स्टाफ की टीम अपराध की रोकथाम के लिए जौरासी गांव में मौजूद थी। उसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी इशा पुत्र नबी खां थाना तावडू व जीत राम पुत्र प्रहलाद निवासी गांव दौलताबाद थाना पटौदी जिला गुरुग्राम मिलकर गोकशी का धंधा करते हैं। आरोपी बिना नंबर की एक एसयूवी में गांव जौरासी होते हुए कुछ गोधन को भरकर गोकशी करने के लिए तावडू सीमा के साथ लगते अलवर जिले के गांव खेड़ी लेकर जाएंगे। सूचना के बाद पुलिस ने गांव जौरासी के पास नाकाबंदी कर गाड़ी चालक को रुकने का इशारा किया, तो आरोपी चालक गाड़ी को तेज रफ्तार कर टीम पर चढ़ाने का प्रयास भी किया गया। लेकिन जवानों ने इधर उधर भागकर अपनी जान बचाते हुए गाड़ी का पीछा किया। टीम के पीछा करने पर पिकअप चालक तावडू-भिवाड़ी रोड पर अपने आप को घिरता देख गांव डिढारा मोड़ पर गाड़ी को गोधन सहित छोड़कर भागने लगे जिनमें से पुलिस ने आरोपी इशा को काबू कर लिया। जबकि आरोपी जीतराम भाग गया। पुलिस को गाड़ी की बॉडी की तलाशी लेने पर इसमें दो गाय व एक बछड़ा क्रूरतापूर्वक लदे मिले। पुलिस को गाड़ी में छुरी व कुल्हाड़ी भी मिली है।