दिल्ली के युवक से लूट के मामले में तीन गिरफ्तार
नूंह। करीब दस दिन पहले जिले के नगीना थाना इलाके में दिल्ली के एक आर्किटेक्चर और उसकी साथी से हुई लूट के मामले में मेवात अपराध शाखा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की जांच तावडू अपराध शाखा पुलिस को सौंपी गई थी। पुलिस ने 25 मई की रात नफीस पुत्र शेर मोहम्मद निवासी नगीना, मुजम्मिल पुत्र सहाबखां निवासी नगीना और अजरूदीन पुत्र नबाब निवासी राजपुर-कुहकबाण थाना पुन्हाना को गिरफ्तार किया है। तीनों को अदालत पेश किया गया जहां से दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों का अपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, जिसमें कई मामले सामने आए हैं। रिमांड के दौरान आरोपियों से कई वारदातों की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है। नूंह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 19 मई को दिल्ली निवासी शौर्य खुराना ने नगीना थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि नगीना क्षेत्र में एक स्कूल का नक्शा बनाने के लिए विजय कुमार नाम के व्यक्ति का फोन आया था। जब वह अपनी परिचित आर्किटेक्चर अर्चिता के साथ कार से बड़कली चौक पहुंचा तो वहां से बाइक सवार उन्हें जंगल की ओर ले गये और उनसे लूटपाट की।