गुजरात के व्यापारी को बंधक बना लूट करने वाले 3 गिरफ्तार
हथीन। राजकोट गुजरात के व्यापारी लालजी भाई का अपहरण कर बंधक बनाने, लूटपाट करने और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले तीन भगोड़ा घोषित बदमाशों को उटावड थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इरफान, कासम और मौसम निवासी रूपदाका से पूछताछ की जा रही है। 2016 में आरोपियों द्वारा की गई वारदात खासी चर्चा में रही थी।
उल्लेखनीय है कि शगुन अपार्टमेंट राजकोट निवासी लालजी भाई पटेल को सस्ता प्लास्टिक दाना उपलब्ध कराने के नाम पर आरोपियों ने दिल्ली बुलाया था। 15 फरवरी 2016 को दिल्ली एयरपोर्ट से रिसीव करने के बाद बदमाश व्यापारी को हथीन उपमंडल के ग्राम रूपदाका ले गए। वहां हथियार दिखाकर उनसे 25 हजार रुपये नकदी लूट ली और परिजनों को फोन कर व्यापारी को छोड़ने के नाम पर 20 लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस का दबाव बना तो व्यापारी को रिहा कर दिया गया। इस घटना में शामिल रहे तीनों बदमाशों को स्थानीय अदालत भगोड़ा घोषित कर चुकी थी। लंबे समय से पुलिस इनकी तलाश कर रही थी।