तावडू । उपमंडल के अंतर्गत केएमपी धुलावट टोल प्लाजा के करीब एक ट्रक से 22 गोवंशों को पुलिस ने मुक्त किया। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। तावडू सदर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह राणा ने बताया कि 6 जुलाई देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि केएमपी सड़क मार्ग पर बिलासपुर की तरफ से एक ट्रक आ रहा है जिसमें गोवंशों को भरकर पलवल ले जाया जा रहा है। नाकाबंदी कर आरोपियों को काबू किया जा सकता है।
सूचना के मुताबिक पुलिस धुलावट केएमपी टोल प्लाजा पर पहुंची और नाकेबंदी की। थोड़ी देर बाद बिलासपुर की तरफ से एक तेज रफ्तार ट्रक आता दिखाई दिया। जिसे पुलिस ने रोकने का इशारा किया लेकिन ट्रक चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। करीब 1 किलोमीटर दूरी तक ट्रक का पीछा करने के बाद पुलिस ने ट्रक को रोक लिया और उसमें बैठे 3 व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 22 गोवंशों को क्रूरता पूर्वक बांधा हुआ था। ट्रक में बैठे व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम जावेद निवासी घासेड़ा, युसूफ निवासी घासेड़ा और गोला हुसैन निवासी नाई की थड़ी, रामगढ़ रोड, अंसारी कॉलोनी जयपुर राजस्थान बताया। पुलिस ने सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।