नोएडा। प्राधिकरण ने अवैध विज्ञापन लगाने वाले 13 बिल्डरों पर 3.18 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। सेक्टर-150 में निरीक्षण के दौरान बगैर अनुमति के विज्ञापन लगा पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शहर में बगैर अनुमति के कहीं भी किसी प्रकार का अवैध यूनीपोल एवं होर्डिंग लगाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई बिल्डरों ने बिना किसी पूर्व अनुमति के मौके पर अवैध तरीके से अपने परिसर में यूनिपोल और होर्डिंग लगा रखे हैं। इस पर नियमानुसार जुर्माना लगाते हुए नोटिस जारी कर दिया गया है। जुर्माना लगने वाले बिल्डरों के प्रोजेक्टों में अर्थम पर 6 लाख, एटीएस इंफ्रास्ट्रक्चर पर 90 लाख, एटीएस होमक्राफ्ट पर 54 लाख, गोदरेज पाम रिट्रीट पर 37.5 लाख, गुलशन बॉटनिया पर 2.4 लाख, महागुन पर 5.04 लाख, प्रतीक कैनरी पर 16.8 लाख, समृद्धि लग्जरिया एवेन्यू पर 4.8 लाख, एसकेए ओरियन पर 2.4 लाख, टाटा वैल्यू होम्स पर 43.2 लाख, ट्राइबेका सिटी सेंटर पर 5.7 लाख, अल्फा रेसिडेंसी पर 21.6 लाख और गोदरेज नेस्ट पर 28.8 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है।