फिरोजपुर झिरका। सीएस स्टाफ ने तिजारा मार्ग पर नाकाबंदी कर तस्करों से 28 गोवंशों को मुक्त कराया है। एक तस्कर को भी दबोच लिया है। वहीं, एक आरोपी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान यूसुफ निवासी गवालदा थाना भिवाड़ी जिला अलवर के रूप में हुई। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है।
सीएस स्टाफ प्रभारी कंवरपाल ने बताया कि टीम तिजारा मार्ग स्थित झिर नाके पर गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि नागालैंड नंबर के कंटेनर से गोवंशों को राजस्थान की ओर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। शक के आधार पर एक कंटेनर को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। कुछ ही दूरी पर सीएस स्टाफ टीम ने पीछा कर कंटेनर को घेर लिया। पुलिस से घिरता देख एक तस्कर पहाड़ की ओट लेकर फरार हो गया और दूसरे को दबोच लिया गया। पुलिस ने 28 गोवंश मुक्त कराकर कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। इनको गोशालाओं में भिजवा दिया गया है। आरोपी की पहचान यूसुफ निवासी गवालदा थाना भिवाड़ी जिला अलवर के रूप में हुई। वहीं, फरार आरोपी की पहचान नसीम निवासी भलेसर, राजस्थान के रूप में हुई।