254 करोड़ के बकायेदार बिल्डर को हवालात में किया बंद
ग्रेटर नोएडा/दादरी। नोएडा प्राधिकरण के 254 करोड़ की आरसी के मामले में तहसीलदार दादरी ने बिल्डर पैन ओएसिस कंपनी के निदेशक अमित चावला को गिरफ्तार किया है। बिल्डर को तहसील की हवालात में रखा गया है। वहीं एक अन्य मामले में सदर तहसील के राजस्व विभाग ने 4.30 करोड़ रुपये वसूल किए हैं।
दादरी तहसीलदार विनय भदौरिया ने बताया कि पैन ओएसिस कंपनी के निदेशक अमित चावला ने नोएडा प्राधिकरण से फ्लैट बनाने के लिए जमीन ली थी। उसकी रकम जमा नहीं करने पर तीन माह पहले 29 अगस्त को 254 करोड़ रुपये की आरसी जारी की थी। आरसी पर दादरी तहसील के राजस्व वसूली अभियान के तहत बिल्डर को बकाया जमा करने के लिए नोटिस जारी किया था। जिसको 15 दिन का समय दिया था। लेकिन उसके बाद भी 254 करोड़ जमा नहीं कराया गया था। धनराशि जमा नहीं कराने पर शुक्रवार को को तहसीलदार विनय भदौरिया ने अमित चावला को नोएडा के सेक्टर-70 से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को तहसील दादरी की हवालात में बंद किया गया है।
वहीं उपजिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी ने बताया कि सदर तहसील की राजस्व विभाग की टीम ने वसूली अभियान के तहत 4.30 करोड़ रुपये की वसूली की गई। जिसमें मेसर्स ग्रीनवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड से रेरा के 1.52 करोड़ रुपये, ओमेक्स बिल्डहोम प्राइवेट लिमिटेड से प्राधिकरण के 2.27 करोड़ रुपये, मेसर्स परी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से रेरा के 15 लाख रुपये, मेसर्स 24 पल्स इंटरप्राइजेज से बैंक देय के 2.50 लाख रुपये, मेसर्स शिव स्वाति एंटरप्राइजेज से लेबर कोर्ट के 3.64 लाख रुपये, मेसर्स इंपेरिया स्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड से रेरा के 17.59 लाख रुपये, मेसर्स सार्थक एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड से 2 लाख रुपये, मेसर्स ओरिस इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड से रेरा के 9 लाख रुपये वसूल किए गए।