नूंह। तावडू सीआईए पुलिस ने गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) जिले के कई मामलों के वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को नूंह के शहीदी पार्क से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान चंद्र पुत्र फजरु निवासी दलाबास थाना पुन्हाना के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध पिस्तौल और एक कारतूस भी बरामद किया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को सोमवार अदालत में पेश किया जहां उसे भोंडसी जेल भेज दिया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उतर प्रदेश के थाना मंसूरी में विभिन्न धाराओं के तहत उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना शहर लोनी गाजियाबाद में गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीआईए इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि चंद्र पुत्र फजरु निवासी दलाबास थाना पुन्हाना जोकि अपने किसी रिश्तेदार से मिलने नल्हड मेडिकल कॉलेज आया हुआ है और आरोपी थाना मंसूरी जिला गाजियाबाद यूपी के किसी मुकदमे में 25 हजार का इनामी बदमाश है। इसके बाद पुलिस ने एक टीम गठित कर नूंह के शहीदी पार्क पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद आरोपी पैदल शहीदी पार्क पर पहुंचा। जिससे गुप्तचर के इशारे पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने एक अवैध 315 बोर की पिस्तौल व एक कारतूस बरामद किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ नूंह के सिटी थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं उक्त आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में थाना मंसूरी जिला गाजियाबाद को भी सूचित किया है।