ग्रेटर नोएडा। कासना थाना पुलिस ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सिरसा कट के पास चेकिंग के दौरान एक एसयूवी कार से 25 लाख रुपये बरामद किए हैं। कार सवार चार लोग रुपयों के संबंध में ठोस जानकारी नहीं दे पाए और न ही कोई दस्तावेज दिखा सके। पुलिस को आशंका है कि रुपये त्रिस्तरीय चुनाव में खपाने के लिए ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने मामले की सूचना कर विभाग के अधिकारियों को दे दी है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात एक्सप्रेसवे पर सिरसा कट के पास चेकिंग की जा रही थी। तभी पुलिस टीम ने पलवल की ओर से आई एक एसयूवी की तलाशी ली। कार की डिक्की से कागज में लपेटकर रखे गए 25 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस ने रुपयों के संबंध में एसयूवी सवार पी-3 निवासी 4 लोगों से पूछताछ की। चारों लोग रुपयों के संबंध में कोई जानकारी या साक्ष्य नहीं दे पाए। इसके चलते पुलिस ने रुपये अपने कब्जे में ले लिए। ट्रेजरी बंद होने के कारण पुलिस ने रुपये माल खाने में जमा कराए। जांच पड़ताल के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।