हेडिंग: मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी को पैर में लगी गोली
ग्रेटर नोएडा। साइट-5 थाना क्षेत्र में सेक्टर ओमीक्रॉन के पास मंगलवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश अंकित उर्फ छंगा के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने बदमाश के पास से बाइक और पिस्टल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ लगभग दस केस दर्ज हैं और वह क्षेत्र में लूट आदि की वारदात की फिराक में घूम रहा था। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इनमें दो गोली पुलिस के वाहन पर भी लगी।
एसपी देहात कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम साइट-5 थाना पुलिस को एक इनामी बदमाश के किसी वारदात के फिराक में ग्रेटर नोएडा आने की सूचना मिली थी। पुलिस ने सेक्टर ओमीक्रॉन की तरफ बाइक सवार बदमाश को घेर लिया। पुलिस ने बदमाश को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह बाइक समेत नीचे गिर गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान अकिंत निवासी गांव जैतपुर थाना सूरजपुर के रूप में हुई है। अंकित पर 25 हजार का इनाम घोषित था। वह साइट-5 थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में वांछित चल रहा था। पुलिस टीम आरोपी के अन्य साथियों व आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस को उस पर लगभग दस केस दर्ज होने की जानकारी मिली है।