नोएडा। एक सप्ताह की जद्दोजहद के बाद पुलिस ने पूर्वांचल सिल्वर सिटी के उस फ्लैट का पता लगा लिया है जहां 25 करोड़ की चोरी हुई थी। सोसाइटी के टावर नंबर 5 के फ्लैट नंबर 301 में अगस्त में वारदात अंजाम दी गई थी। राममणि पांडेय ने घरेलू योग गुरु कृष्ण मुरारी सिंह के नाम पर इस फ्लैट को किराये पर लिया गया था। पुलिस अब कृष्ण मुरारी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है जिसमें कई सुराग हाथ लगे हैं।
एडीसीपी रणविजय सिंह के अनुसार, आरा बिहार निवासी कृष्ण के पांच वर्षों से राममणि से घरेलू संबंध हैं। सोसाइटी में उसने एक और फ्लैट किराये पर लिया हुआ है। कृष्ण के बारे में और जानकारी जुटाने के लिए नोएडा पुलिस की टीम बिहार पुलिस के भी संपर्क में हैं और मूल निवास के बारे में पता लगा रही है। सोसाइटी के टावर नंबर 5 के फ्लैट 301 में चोरी हुई थी। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि कृष्ण मुरारी को फ्लैट में रुपये व जूलरी रखे होने की जानकारी थी। उसने यह भी बताया है कि चालक और नौकरों आदि को भी इसके बारे में पता था। जांच में यह भी पता चला है कि फ्लैट किसी सुभाष यादव का है। सुभाष के बारे में पता लगाकर उससे पूछताछ की होगी। हालांकि, इसमें सुभाष यादव की भूमिका है या नहीं यह स्पष्ट नहीं है।
मास्टरमाइंड गोपाल पर इनाम घोषित करने की तैयारी
चोरी के मास्टरमाइंड गोपाल की तलाश की जा रही है, लेकिन एक सप्ताह बाद भी पुलिस गोपाल को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस गोपाल पर इनाम घोषित करने की तैयारी में है और इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एक-दो दिन में इनाम घोषित कर दिया जाएगा। डीसीपी की तरफ से यह कार्रवाई की जाएगी।
लुकआउट नोटिस की तैयारियां अंतिम दौर में
राममणि के विदेश भागने की आशंका में लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी अंतिम दौर में है। गृह मंत्रालय के फॉर्मेट के मुताबिक कागजात तैयार किए जा रहे हैं और इसमें सारे पहलुओं को देखकर कार्यवाही पूरी हो रही है। एक-दो दिन में नोटिस जारी हो जाएगा।
फ्लैट में फिलहाल कोई नहीं
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के डेल्टा वन सेक्टर स्थित पूर्वांचल सिल्वर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी का कहना है कि कुछ दिनों से यहां पुलिस का आना-जाना लगा हुआ है। पुलिस लगातार जांच पड़ताल कर रही है। इसके बाद ही उन्हें चोरी की जानकारी हुई थी। इससे पहले ताला टूटने या चोरी होने के संबंध में कोई सूचना नहीं थी। अगर फ्लैट में चोरी हुई है तो कोई परिचित इसमें शामिल हो सकता है जो रजामंदी से सोसाइटी और फ्लैट में दाखिल हुआ होगा। फ्लैट में फिलहाल कोई नहीं है और वहां ताला लगा है।