ग्रेटर नोएडा। किसलय पांडेय सुप्रीम कोर्ट में नामी वकील हैं। बिहार के बाहुबली राजनेता शहाबुद्दीन को सीवान जेल से तिहाड़ जेल लाने में किसलय की बड़ी भूमिका रही थी। सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के मामले को दिल्ली में सुनवाई कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में केस लड़ने और शहाबुद्दीन को तिहाड़ तक ले जाने में किसलय पांडे सक्रिय थे। किसलय ने रंजन के परिजनों की तरफ से मुकदमा लड़ा था।
इस मामले में रंजन की पत्नी आशा ने वर्ष 2017 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दी थी कि यह मामला सीवान के बजाए दिल्ली न्यायालय में चले। सुप्रीम कोर्ट में राजदेव की पत्नी ने यह मामला अधिवक्ता किसलय पांडे के माध्यम से दायर किया था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शहाबुद्दीन को सीवान जेल से तिहाड़ जेल में ट्रांसफर करने का आदेश दिया था। हाल ही में कोरोना संक्रमण से ग्रसित होकर शहाबुुद्दीन की मौत हो गई थी।
आम्रपाली ग्रैंड सोसाइटी निवासियों ने बताया कि कई बार किसलय ने उनको बड़े मामलों के बारे में बताया था। वर्ष 2018 में दिल्ली में पीडब्ल्यूडी घोटाले में भी एक बड़े राजनेता के रिश्तेदार का नाम सामने आया था। इस मामले में राजनेता के रिश्तेदार के खिलाफ अधिवक्ता किसलय पांडे ने केस लड़कर यह मामला उजागर किया था। इसके अलावा बुलंदशहर में 13 वर्ष की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कांड में भी पीड़ितों की ओर से मामला लड़ा था। यह मामला सपा के नेता आजम खान के बयान की वजह से भी चर्चा में आया था।