- विकास भवन समेत जिले के सभी विकास खंडों में आयोजित हुए कार्यक्रम, किसानों ने सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने का कार्यक्रम गौतमबुद्धनगर में भी सजीव प्रसारित किया गया। गुजरात के बनासकांठा में आयोजित प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के दौरान किस्त जारी किए जाने का सीधा प्रसारण विकास भवन समेत जिले के सभी विकास खंडों में दिखाया गया। इसमें किसानों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
मुख्य विकास अधिकारी भाल चन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। किसानों ने किस्त जारी होने का प्रसारण देखा और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। जेवर, दादरी और बिसरख विकास खंडों में भी खंड विकास अधिकारियों की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुए। इनमें स्थानीय किसानों ने हिस्सा लिया। उप कृषि निदेशक विवेक दुबे ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और खेती में इस्तेमाल की जा रही नई तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया, ताकि कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल किया जा सके।