जेवर। नोएडा एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार की ओर से भारतमाला परियोजना के तहत 2414 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। बल्लभगढ़ से गुजर रहे इस एक्सप्रेसवे से नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए 31 किलोमीटर की सड़क (ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी) तैयार की जाएगी। इसके लिए 24 किमी हिस्सा हरियाणा और 7 किमी का हिस्सा गौतमबुद्ध नगर से होकर गुजरेगा। सड़क के तैयार होने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से यमुना एक्सप्रेसवे भी जुड़ जाएगा। बुधवार शाम केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर भारतमाला परियोजना के तहत गौतमबुद्ध नगर के डीएनडी-फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास पर केएमपी लिंक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक सड़क के निर्माण के लिए बजट जारी करने की जानकारी दी। सड़क निर्माण की अवधि दो वर्ष रखी गई है। यह आगरा, मथुरा व पश्चिमी यूपी के ट्रैफिक को भी जोड़ने का काम करेगा।