माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ऋण वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी) डीआरटी और बैंक नीलामी की प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर पिता-पुत्र द्वारा एक व्यक्ति मे 22 लाख की ठगी कर ली। अनुरुद्ध कुमार सिंह निवासी सुपरटेक ईको विलेज के अनुसार वर्ष 2023 की शुरुआत में किशन ने बताया कि उसका बेटा पीयूष डीआरटी और एमएसटीसी (धातु एवं स्क्रैप व्यापार निगम) में अधिकारी है। वह बैंक की नीलामी वाली संपत्तियां दिलाने का काम करता है।
आरोपी ने उन्हें मकानों और फ्लैटों की एक पूरी सूची दिखाई और कहा कि यदि जल्दी पैसा जमा किया जाए तो प्रॉपर्टी आसानी से मिल सकती है। विश्वास में आकर अनुरुद्ध और उनकी बुआ ने किशन और पीयूष के कहने पर 7 फरवरी 2023 को करीब 22 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट एमएसटीसी के नाम पर बनवाकर दे दिया। बाद में उन्हें पता चला कि दोनों आरोपियों ने एमएसटीसी के नाम से यश बैंक, पटेल नगर ब्रांच में एक फर्जी खाता खुलवाकर वही डीडी जमा कराया था। आरोपियों ने उन्हें एक नकली एग्रीमेंट भी दिया। जिस पर एमएसटीसी और पंजाब नेशनल बैंक की फर्जी मोहर लगी हुई थी। कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।