एकदंत व सुपरटेक के प्रोजेक्टों का स्थलीय निरीक्षण करेगा रेरा
पीठ वन ने दोनों प्रोजेक्टों के खरीदारों की शिकायत पर लिया फैसला, जेपी एसोसिएट्स से मांगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यूपी रेरा की दोनों पीठ ने बृहस्पतिवार को विभिन्न बिल्डरों के 119 मामलों पर सुनवाई की। पीठ वन ने एकदंत और सुपरटेक बिल्डर के प्रोजेक्टों का स्थलीय निरीक्षण करने का फैसला किया है। निरीक्षण में प्रोजेक्ट की हकीकत का पता लगाया जाएगा। साथ ही जेपी एसोसिएट्स के नए मामलों में बिल्डर से जवाब दाखिल करने को कहा है। वहीं, पीठ दो ने ज्यादातर नए मामलों पर सुनवाई की। सभी मामलों में नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।
एकदंत बिल्टेक प्रा. लि. अल्पाइन ग्रुप का है। एकदंत का एफएनजी के नाम से प्रोजेक्ट है। खरीदार अनीता अग्रवाल और उर्मिला अग्रवाल ने वर्ष 2012 में फ्लैट बुक कराया था। बिल्डर ने मार्च, 2016 में कब्जा देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक कब्जा नहीं दिया है। 2016 से काम भी बंद है। परियोजना में करीब 900 खरीदार हैं। खरीदारों ने रेरा में शिकायत की और बिल्डर से जमा धनराशि ब्याज समेत वापस दिलाने की मांग की। रेरा ने पहली सुनवाई के बाद बिल्डर को नोटिस भेजकर जवाब दाखिल करने को कहा, लेकिन बिल्डर अगली सुनवाई पर भी उपस्थित नहीं हुआ। फिर बिल्डर को नोटिस भेजा गया। बृहस्पतिवार को स्थलीय निरीक्षण का फैसला लिया है।
पीठ वन ने खरीदार उमेश कंसल की शिकायत पर सुपरटेक के सेक्टर-74 स्थित प्रोजेक्ट का भी स्थलीय निरीक्षण करने का फैसला लिया है। खरीदार ने 2012 में फ्लैट बुक कराया था। बिल्डर को 60 लाख से अधिक का भुगतान कर चुका है। बिल्डर ने दिसंबर, 2015 में कब्जा देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक उसे पूरा नहीं किया। खरीदार ने ब्याज समेत पैसा वापस दिलाने की अपील की है। स्थलीय निरीक्षण करने के बाद पीठ दोनों मामलों में अंतिम फैसला लेगी।