ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जीते मैच
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित टेरी क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे बधिर आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में मंगलवार को हुए दो मैचों में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जीत दर्ज की। ग्राउंड ए में नेपाल और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने 18 ओवर में 10 विकेट खोकर मात्र 56 रन बनाए। इसमें सबसे सर्वाधिक रन संगम ने बनाए। संगम ने 34 गेंद में 16 रन का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया की टीम से लुके ने दो और एंड्रो ने दो विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया के सामने लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं था। ऑस्ट्रेलिया की ओर से बल्लेबाजी करने उतरे लुके ने 15 गेंद में 29 रन बनाए। डेविड ने 19 और क्लेयुम ने 10 रन बनाए। टीम ने 5 छक्के और 3 चौके से मैच को रोमांचित बनाया। ऑस्ट्रेलिया ने 5 ओवर में 9 विकेट से मैच जीत लिया। 29 रन और 2 विकेट लेने पर लुके को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
दूसरा मैच दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेला गया। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। टीम के धुरंधरों ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन बनाए। इसमें रेंहड लिंबच ने 31 और रुअल कुमालो ने 48 रनों का योगदान दिया। वहीं श्रीलंका की टीम से गेंदबाजी करते हुए अलनोरोसे और गिमाडु ने 2-2 विकेट लिए। वहीं श्रीलंका की टीम 9 विकेट खोकर 140 रन ही बना पाई। जिसमें कंकणम मैनेज ने 28 गेंद में 39 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की टीम से सिवेश ने 4 ओवर में 2 विकेट लिए।