गार्डेनिया ग्लोरी के बिल्डर समेत तीन के खिलाफ एफआईआर
- मेंटेनेंस सुविधा नहीं देने पर सोसाइटी वासियों ने की थी शिकायत
- लोगों ने कहा विरोध करने पर बिल्डर ने बंद कर दी सारी सुविधाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा।
गार्डेनिया ग्लोरी के बिल्डर मनोज राय व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज किया गया है। सेक्टर-46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी में रहने वाले लोगों ने मेंटेनेंस के नाम पर वसूली करने व सुविधा नहीं देने का आरोप लगाते हुए रविवार दोपहर को पुलिस को तहरीर दी थी। नाराज सोसाइटी वासियों ने थाने व सोसाइटी में कुछ देर के लिए नारेबाजी भी की थी।
सोसायटी वासियों का आरोप है कि बिल्डर जेनरेटर से सप्लाई के नाम पर 18 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल वसूल रहा है। रविवार को जब सोसायटी वासियों ने इसका विरोध किया तो बिल्डर ने सोसायटी की सारी सेवाएं बिजली, पानी लिफ्ट आदि बंद करा दी। साथ ही बाउंसर को बुलवाकर सुरक्षा गार्डों को भगा दिया। इसके बाद सोसायटी वासियों को जान से मारने की धमकी दी गई।
सोसायटी की समिति के अध्यक्ष कैलाश प्रसाद शिकायत पर कोतवाली सेक्टर 39 पुलिस ने गार्डेनिया गलोरी बिल्डर मनोज राय, अनूप वर्मा और सुदेश के खिलाफ बिजली चोरी और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ अमित कुमार सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।