संशोधित
जिले में बकरीद की तैयारियां
पुन्हाना। बकरीद नजदीक आते ही पुन्हाना सहित जिले भर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बकरीद को जिले की सभी मस्जिदों में नमाज अदा कर अमन और सौहार्द की दुआ मांगी जाएगी। बकरीद कुर्बानी का त्योहार है। लिहाजा मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में तैयारियां तेज हो गई हैं। कपड़ों, सेवइंयों की खरीदारी के साथ ही बकरों के भी दाम तय होने लगे हैं। पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। इसलाम धर्म के जानकारों का कहना है की ईद-उल-जुहा के मौके पर हर मालदार मुसलमान को कुर्बानी करना फर्ज है और जो कुर्बानी नहीं करेगा वह गुनाहगार होगा। इस्लाम में कुर्बानी का बहुत महत्व और फर्ज होने की वजह से लोग इस त्योहार के आने से पहले ही इसकी तैयारियों में जुट जाते हैं। जिले में अधिकतर लोग भैंस की कुर्बानी करते हैं। जिस पशु की कुर्बानी करनी होती उसे कई माह पहले खरीद लेते हैं और लाड प्यार से रखते हैं।