आरएमएल में गंभीर बीमारियों की ओपीडी हर दिन होगी
-अभी तक सप्ताह में एक या दो बार होती थी ओपीडी सेवा, न्यूरोलॉजी से लेकर कार्डियो तक विभाग हैं शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ने मरीजों की सहूलियत को देखते हुए अब गंभीर बीमारियों के लिए हर दिन ओपीडी सेवा जारी रखने का निर्णय लिया है। इसमें न्यूरोलॉजी से लेकर कॉर्डियो तक सभी विभागें को शामिल किया गया है।
हालांकि अभी तक न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, एंडोक्रायोनोलॉजी और कार्डियो थोरेसिक विभाग की सप्ताह में एक या दो बार ओपीडी होती थी, लेकिन अगले माह से हर दिन डॉक्टर ओपीडी में मरीजों का उपचार कर सकेंगे। ये ओपीडी तीसरे मंजिल पर शुरू होगी। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके तिवारी ने बताया कि इन विभागों की ओपीडी को दोपहर के बाद चलाना पड़ता था। इसकी वजह से मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इन मरीजों को सहूलियत देने के लिए अस्पताल ने पहले ही सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक बनाने की प्रकिया शुरू कर दी है, लेकिन जब तक यह ब्लॉक बनकर शुरू होगा, तब तक मरीजों को सुविधा देने के लिए तीसरी मंजिल पर इसके लिए इंतजाम किए हैं।
उन्होंने बताया कि 12 ओपीडी चैंबर अलग से बनाए गए हैं। यहां सुपर स्पेशलिटी विभागों की ओपीडी सेवा शुरू होगी। इसके अलावा डॉक्टरों के हॉस्टल को खाली करवा लिया गया है। जानकारी के अनुसार हॉस्टल की इमारत काफी जर्जर होने के कारण प्रबंधन ये फैसला लिया है। फिलहाल अस्थायी तौर पर डॉक्टरों को गेस्टहाउस में शिफ्ट किया गया है।