हेडिंग: रेरा बिल का गलत इस्तेमाल कर रहे बिल्डर : नेफोमा
नेफोमा ने की रेरा एक्ट में संशोधन की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में रियल एस्टेट बिल 2016 पर रेरा अध्यक्ष राजीव कुमार की ओर से फ्लैट खरीदारों की एसोसिएशन के साथ ही नोएडा की अन्य एसोसिएशन व सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। नेफोमा ने कहा कि बिल्डरों की ओर से रेरा का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। लिहाजा, रेरा एक्ट में कुछ संशोधन होने चाहिए। एसोसिएशन ने कहा कि दस साल से फ्लैट खरीदार सड़कों पर हैं और बिल्डर बॉयर्स के पैसों को दूसरी जगह ट्रांसफर कर न प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। न बायर्स को जवाब दे रहे हैं।
नेफोमा का कहना है कि रियल एस्टेट (विनियमन और विकास) अधिनियम रेरा बिल फ्लैट खरीदारों के लिए रामबाण है, लेकिन देखने में यह प्रतीत होता है रेरा बिल की सही देखरेख न होने से बिल्डर इसका गलत उपयोग ज्यादा कर रहे हैं। लिहाजा, लाखों फ्लैट खरीदारों की समस्याओं को देखते हुए नोएडा, ग्रेटर नोएडा में ऑफिस बनाते हुए फ्लैट बायर्स सेल बनाकर जल्द समस्याओं का निपटारा कराए। रेरा के अंतर्गत प्राधिकरण बिल्डरों को एफएआर देने पर विचार कर रहे हैं। शहर की हालत अब ऐसी नहीं है कि वह हजारों लोगों का बोझ सह पाए। एफएआर देने से बड़ी जटिल समस्याए उत्पन्न हो जाएंगी। अभी भी सड़कों पर जाम की स्थिति रहती है। शहर के लिए पार्किंग एक बड़ा मुद्दा है। वहीं, रेरा में शिकायत करने के लिए हजार रुपये बायर्स को देने पड़ते है। ऐसे फीस की माफी की मांग की गई। बिल्डर रेरा को अपने मुताबिक गलत इस्तेमाल कर रहे हैं जिस बायर को बिल्डर पजेशन देने के लिए 2016 में प्रतिबद्ध था। रेरा लागू होने के बाद बिल्डरो ने उन प्रोजेक्टों की तिथियों में अपने अनुसार बदलाव कर 2017 से 2024 कर दिया। एक ही प्रोजेक्ट को फेस वाइज दिखाकर 10 प्रोजेक्ट बनाकर काम कर रहे हैं। एसोसिएशन का कहना है कि रेरा बिल सरकार ने लागू तो कर दिया, लेकिन जो आदेश रेरा का आता है वह बिल्डर नहीं मानता। बिल्डर कहता है रेरा के ऑर्डर को हाईकोर्ट चुनौती दी जाएगी। ऐसे में रेरा कानून का अस्तित्व क्या रहा।
बैठक में नेफोमा की ओर से अन्नू खान, राजीव निझावन, श्रुति भाटिया, आजिम अली खान, अरविंद जैन, राशिद सिद्दीकी, आसिम खान, चक्रेश जैन, उपकार सिंह, कर्नल पी चंद्रा, विक्रम सेठी, निरंजन ढींगरा आदि खरीदारों ने भाग लिया।
----------------------
आज क्रेडाई के साथ बात करेगा रेरा
शुक्रवार को क्रेडाई के साथ रेरा की टीम बात करेगी। इसमें क्रेडाई की ओर से बिल्डरों का समूह होगा, जो इस मामले में अपना पक्ष रखेगा। क्रेडाई से बातचीत के बाद रेरा की टीम प्राधिकरण के साथ बातचीत करेगी। इसके बाद पूरा मामला समझने के बाद अपना फैसला लेगी।