बिजनेसमैन से मांगी रंगदारी, डराने के लिए गाड़ी पर की फायरिंग
गुरुग्राम। सेक्टर-31 उस वक्त गोलियों की आवाज से थर्रा उठा जब बदमाशों ने रंगदारी की मांग को लेकर एक बिजनेसमैन की गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। घटना शुक्रवार सुबह करीब सवा 11 बजे की है। आरोपी वारदात को अंजाम देते हुए मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-31 निवासी मनीष खट्टर का पुरानी गाड़ियों के खरीदने बेचने का काम है। शुक्रवार सुबह दो युवक पैदल उनके घर आए और घर की घंटी बजाई। इस दौरान नौकर घर से बाहर आया। जिसने घर के मालिक को बुलाने को कहा। इस पर मनीष बाहर आए जिसके हाथ में बदमाशों ने एक पर्ची थमा दी। आरोप है कि बदमाशों ने उसे पहले मांगी गई 50 लाख रुपये की फिरौती न देने पर इसके अंजाम के रूप में ट्रेलर देखने को कहा। इतना कहते ही बदमाशों ने उनके घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग कर दी और वहां से पैदल ही फरार हो गए। आरोप है कि पर्ची पर उन्हें 60 लाख रुपये की फिरौती दिए जाने की बात कही गई है। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-40 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी जिस तरफ से बिजनेस मैन के घर की तरफ आए उस तरफ लोहे का गेट लगा हुआ है और वहां से पैदल आने का रास्ता है। इस तरफ कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-------