औषधि पार्क का अक्तूबर में होगा लोकार्पण
सीईओ ने पार्किंग सहित पार्क का किया निरीक्षण
काम को और तेज गति से चलाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन और सीईओ आलोक टंडन ने कहा कि सेक्टर-91 में त्रिभुजाकार क्षेत्र में औषधि पार्क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मंगलवार को सीईओ ने पार्क के दौरे के बाद काम को और तेज गति से चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अक्तूबर में इसके लोकार्पण की बात कही।
सेक्टर-91 में 25 एकड़ क्षेत्र में 24 करोड़ की लागत से औषधि पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इस पार्क के निरीक्षण के दौरान सीईओ ने जेनरेटर रूम, दीवार और गेट का काम जल्द से जल्द कराने का निर्देश दिया। साथ ही गेट पर पार्क का ले-आउट प्लान एवं पार्क में रोपित किए गए पौधों का जिक्र भी करने को कहा।
इसके अलावा सीईओ ने क्रियाशील पार्किंग का दौरा किया। उन्होंने क्लस्टर-1 की पार्किंग के तहत सेक्टर-1 व 6, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने की पार्किंग के अलावा सेक्टर-30 एनएमसी अस्पताल के समीप स्थित पार्किंग का निरीक्षण किया।
उन्होंने पार्किंग स्थलों पर पार्किंग का लेआउट प्लान दर्शाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अपने वाहन की पार्किंग रसीद भी प्राप्त की, जोकि ईटीपी मशीन से निकाली गई। उन्होंने रसीद की जांच में सब कुछ सही पाया। वापसी में उन्होंने नोएडा प्रशासनिक भवन के स्वागत कक्ष का औचक निरीक्षण किया। यहां पर लोगों को बेहतर सुविधाएं दिलाने के निर्देश दिए।