यमुना नगर में 23 को विसर्जित होंगी वाजपेयी की अस्थियां
गुरुग्राम। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां 23 अगस्त को हरियाणा में दो अलग-अलग स्थानों पर नदियों में विसर्जित की जाएंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व उनके सहयोगी मंत्री अस्थियां विसर्जन के समय मौजूद रहेंगे। विधायक दल के सदस्य, भाजपा के वरिष्ठ नेता, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े व्यक्ति भी अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी एवं गुरुग्राम के विधायक उमेश अग्रवाल के अनुसार, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष एवं टोहाना से विधायक सुभाष बराला पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से फूलों से सजे दो अलग-अलग रथों से अस्थि कलश लेकर बहादुरगढ़ बॉर्डर पहुंचेंगे। वहां सीएम अपने सहयोगी मंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता के साथ मिलकर अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित कर वाजपेयी को श्रद्धांजलि देंगे।
बहादुरगढ़ बॉर्डर से एक रथ रोहतक, जींद व कैथल होते हुए पेहवा पहुंचेगा। सुभाष बराला इस कलश रथ के साथ चलेंगे। रास्ते में सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी प्रदेश महासचिव संदीप जोशी व प्रदेश सचिव जवाहर सैनी को सौंपी गई है। पेहवा में सरस्वती घाट पर अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। दूसरा अस्थि कलश रथ बहादुरगढ़ बॉर्डर से सोनीपत, पानीपत, घरौंडा, करनाल, इंद्री, लाडवा व रादौर होते हुए यमुनानगर पहुंचेगा। इस कलश यात्रा के साथ हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा रहेंगे। मार्ग की व्यवस्था भाजपा के प्रदेश महासविच एडवोकेट वेदपाल व प्रदेश सचिव सत्यवान शेरा देखेंगे।