सुनवाई नहीं हुई तो टपकन के ग्रामीण सात किमी
पैदल चलकर उपायुक्त कार्यालय पर करेंगे प्रदर्शन
- टपकन स्कूल को अपग्रेड कराने का मामला, धरना 14 दिन भी रहा जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नूंह। जिला मुख्यालय नूंह से मात्र सात किलोमीटर दूर राजकीय हाई स्कूल टपकन को अपग्रेड कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों का शनिवार को 14वें दिन भी धरना जारी रहा। जिला प्रशासन की ओर से किसी बड़े अधिकारी के धरनास्थल पर न पहुंचने से लोगों में भारी रोष है। धरनास्थल पर बैठे लोगों ने शनिवार को फैसला लिया कि अगर रविवार तक कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं आया तो करीब आठ गांवों के हजारों लोग गांव टपकन से मिनी सचिवालय तक करीब सात किलोमीटर विरोध प्रदर्शन करेंगे और सीएम के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपेंगे।
लोगों का कहना है कि अब तक धरनास्थल पर प्रशासन की ओर से तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, भाजपा पार्टी की ओर से कुंवर संजय सिंह, जाहिद बाई आश्वासन देकर गए हैं लेकिन सब झूठे साबित हुए।
गांव टपकन के सरपंच ताज मोहम्मद, पूर्व सरपंच रहमत, प्रधान उसमान, आलम, गुलजार और कमरूद्दीन का कहना है कि जो भी सरकार का नुमाइंदा उनके पास आया सभी ने दो दिन में उनके स्कूल को अपग्रेड कराने का भरोसा दिया। लोगों ने सीएम रैली में प्रदर्शन करने और उनको काले झंडे दिखाने से यह कहकर रोका था कि उनका स्कूल सीएम की रैली में ही अपग्रेड कराने की घोषणा कराई जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में टपकन, रेहना, चंदेनी, बडका, बीवां, सौंक, पल्ला और सादई सहित करीब 10 गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं।
फोटो --धरने पर बेठक ग्रामीण फैसला लेते हुए।