ग्रेटर नोएडा। जिले की तीनों तहसीलों पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां 201 शिकायतें पहुंचीं, लेकिन अफसर केवल 11 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण करा सके। अन्य शिकायतों का डीएम ने संबंधित अफसरों को समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्य अधिकारी डाॅ. शिवाकांत द्विवेदी ने शनिवार को तहसील दादरी में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की। यहां 118 शिकायतें आईं। इनमें से छह शिकायतों का मौके पर समाधान कराया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार ने जेवर तहसील में लोगों की शिकायतों को सुना। यहां पर 75 शिकायतें पहुंचीं और तीन का निस्तारण मौके पर किया गया। सदर तहसील में एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे ने लोगों की शिकायतों को सुना। यहां कुल आठ शिकायतें पहुंची और दो का मौके पर निस्तारण हुआ। ब्यूरो