उत्तराखंड पुलिस ने 51,500 रुपये का इनाम रखा हुआ था
पुलिस ने बक्करवाला से दबोचा, हत्या का भी केस है दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अपराध शाखा ने 12 राज्यों में 1000 से ज्यादा लोगों से बीस करोड़ से ज्यादा की रकम ठगने वाले जालसाज सखोल, बहादुरगढ़, हरियाणा निवासी कपिल देव राठी (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड व अन्य जगहों पर 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 51,500 रुपये का इनाम रखा हुआ था। आरोपी ने सोसाइटी खोलकर लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश करवाया और पैसे लेकर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का भी मामला दर्ज है।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव के अनुसार, इंस्पेक्टर मनोज दहिया की टीम के हवलदार नवीन कुमार को सूचना मिली थी कि उत्तराखंड के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में शामिल कपिल गिरफ्तारी से बचने के लिए बक्करवाला में छिपकर रह रहा है। एसीपी राजकुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर मनोज दहिया, एएसआई कृष्ण, एएसआई सुनील व हवलदार नवीन की टीम ने यहां घेराबंदी कर कपिल को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों का विवरण प्राप्त करने के लिए उत्तराखंड के विभिन्न पुलिस स्टेशनों से संपर्क किया। पूछताछ में पता चला कि कपिल ने उत्तराखंड समेत 12 राज्यों के 1000 से ज्यादा लोगों से ठगी की है। वह विभिन्न पुलिस थानों के 12 मामलों में वांछित है। उत्तराखंड पुलिस ने कपिल और सहयोगियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट भी लगाया था।
ठगी के लिए 12 राज्यों में शाखाएं खोलीं
कपिल ने मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन से स्नातकोत्तर किया है। उसने खुलासा किया कि वह उत्तराखंड में हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामलों में शामिल है। वर्ष 2002 में उसने बीमा कंपनियों में एजेंट के रूप में काम किया। इसके बाद सहयोगियों के साथ वर्ष 2012 में एक सहकारी समिति जनशक्ति मल्टी स्टेट मल्टी पर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड शुरू की। कुछ समय बाद उसने भारत के 12 राज्यों में इसकी शाखाएं खोलीं और अधिक ब्याज दरों के नाम पर लोगों को लालच दिया। सोसाइटी में कई लोगों के खाते खुलवाए। उसने लोगों को एफडी/आरडी/बचत पत्र आदि के माध्यम से सोसाइटी में अधिक पैसा निवेश करने व अधिक लाभ प्राप्त करने का लालच दिया। आरोपी ने वर्ष 2021 से निवेशकों को जमा पैसा वापस देना बंद कर दिया।
जालसाजी का मास्टरमाइंड है आरोपी
विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि कपिल ने सोसाइटी के जरिए लोगों से 20 करोड़ से ज्यादा की ठगी की। वह घोटाले का मुख्य साजिशकर्ता व सोसाइटी का अध्यक्ष था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी से उत्तराखंड में दर्ज जालसाजी व आईटी एक्ट के 12 मामलों को सुलझाने का दावा किया है।