ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के 2.50 लाख लोगों को प्राधिकरण ने बड़ी सौगात दी है। उन्हें शिकायतें लेकर करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित ग्रेटर नोएडा दफ्तर नहीं आना पड़ेगा। प्राधिकरण का अस्थायी कार्यालय गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज में खुल गया है। पहले दिन सीईओ नरेंद्र भूषण खुद यहां बैठे और ग्रेनो वेस्ट की समस्याओं को सुनकर उन्हें दूर करने की पहल की।
सीईओ सुबह करीब 10:30 बजे पहुंचे और करीब डेढ़ बजे तक शिकायतें सुनते रहे। पहले दिन 25 से अधिक शिकायतें आईं। उन्होंने सभी शिकायतों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश अधीनस्थों को दिया। उनके साथ जीएम प्रोजेक्ट एके अरोड़ा, डीजीएम केआर वर्मा, जीएम नियोजन मीना भार्गव सहित कई अफसर मौजूद रहे। हर सप्ताह बुधवार को सीईओ खुद बैठेंगे। बाकी दिन सभी महकमों के अधिकारी बैठेंगे।
अब तक ग्रेनो वेस्ट में 101 आरडब्ल्यूए व अपार्टमेंट एसोसिएशन ग्रेनो प्राधिकरण में पंजीकृत हो चुकी हैं। यह संख्या जल्द ही 150 होने वाली है। ग्रेनो वेस्ट में जिस तरह से आबादी तेजी से बढ़ रही है, उसके हिसाब से ग्रेनो वेस्ट में संसाधन बहुत कम हैं। वहां के निवासियों को सीवर, पानी, स्ट्रीट लाइट, सड़कें, पार्क, ग्रीन बेल्ट आदि से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रेटर नोएडा स्थित दफ्तर जाना पड़ता है। यहां आने पर समय भी बर्बाद होता है। शिकायतों को निपटाने में भी अधिक वक्त लगता है। अब ये शिकायतें दूर हो जाएंगी।
सीईओ से रजिस्ट्री कराने की गुहार
प्राधिकरण के अस्थायी कार्यालय में ग्रेनो वेस्ट के इको विलेज 1, 2 और 3 में रजिस्ट्री की समस्या को लेकर लोगों ने सीईओ नरेंद्र भूषण से मुलाकात की। लोगों ने बिल्डर से जुड़ी परेशानी भी रखी। सीईओ ने बताया कि बिल्डर बकाया देने को तैयार नहीं है और न ही एस्क्रो अकाउंट खोल रहा है। अगर बकाया पैसा जमा कर दें तो प्राधिकरण को इजाजत देने में कोई परेशानी नहीं है। तीनों सोसाइटी के निवासियों ने रजिस्ट्री नहीं होने से आ रही परेशानियों से अवगत कराया। तीनों सोसाइटी में हजारों फ्लैट में चार साल से लोग रह रहे हैं, लेकिन बिल्डर रजिस्ट्री की इजाजत लेने में असफल रहा है। इको विलेज-1 से सुधांशु, विजय सिंह, दिलीप, अभिशेष, मनोज, इको विलेज 2 से मिहिर गौतम, राजकुमार, संजीव सक्सेना, अनुपम मिश्रा और इको विलेज 3 से मृत्युंजय, एसके कुनियाल और चंद्रा शेखर ने सीईओ से मुलाकात की।
नोएडा से ग्रेनो वेस्ट होकर परी चौक तक जल्द चलेगी बस
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की बस सेवा फिर जल्द शुरू करने की तैयारी है। यह बस विजय नगर या नोएडा से ग्रेनो वेस्ट के किसान चौक होते हुए परी चौक के बीच चलेगी। निवासियों की मांग पर सीईओ नरेंद्र भूषण ने रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से बसें चलाने के निर्देश दिए। रोडवेज बृहस्पतिवार से रूट का सर्वे कर अगले सप्ताह से बस चलाने की तैयारी कर रहा है। सीईओ नरेंद्र भूषण ने इस मामले में रोडवेज के एआरएम लव कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ग्रेनो डिपो के एआरएम लव कुमार ने बताया कि प्राधिकरण के निर्देश के बाद रूट का सर्वे कराया जाएगा। यात्रियों की फिजिबिलिटी के आधार पर रूट तैयार किया जाएगा।
यह हो सकता है रूट
परी चौक, ग्रेनो वेस्ट के प्राधिकरण कार्यालय व गौड़ सिटी होकर गाजियाबाद या नोएडा तक का हो सकता है। इस रूट पर बस चलने से ग्रेनो वेस्ट के लोगों को काफी फायदा होगा। ब्यूरो