जिले में 192 तालाबों और झीलों पर अवैध कब्जा
- जिलाधिकारी ने एनजीटी को दी जानकारी
- रिपोर्ट में कहा, कब्जा हुए तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कर रहे कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में 192 तालाब, झीलों पर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। सबसे अधिक कब्जे दादरी तहसील क्षेत्र में मिले हैं। जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने इसकी जानकारी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) को भेजी अपनी रिपोर्ट में दी है। उनका कहना है कि तालाब और झीलों पर हुए कब्जों को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
एनजीटी ने इस मामले में अब सदस्य सचिव यूपीपीसीबी के अलावा नोएडा- ग्रेनो प्राधिकरण, और यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण के सीईओ को भी अगली सुनवाई में जरूरी रिकॉर्ड के साथ अपने प्रतिनिधि भेजने का आदेश किया है। तालाब, झीलों को अतिक्रमण मुक्त कराने की डॉ. अभिष्ट गुप्ता की याचिका पर सुनवाई एनजीटी कर रहा है। एनजीटी के सदस्य जस्टिस अरुण कुमार त्यागी, विशेषज्ञ सदस्य डॉ. अफरोज अहमद ने अपने आदेश में कहा है कि डीएम ने अपनी रिपोर्ट दी है। इस रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए तालाब, झीलों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए क्या कार्रवाई की गई, इसको भी अधिकारी बताएं। जिलाधिकारी के अलावा सभी प्राधिकरण के प्रतिनिधि सुनवाई के दौरान एनजीटी में उपस्थित होंगे। याची डॉ. अभिष्ट गुप्ता का कहना है कि कई तालाबों पर सड़क या दूसरे विकास कार्य हो चुके हैं। ऐसे में नियमानुसार इन तालाबों को दूसरी जगह पर खोदा जाना चाहिए। यह मुद्दा भी एनजीटी के सामने उठाया गया है। एनजीटी इस मामले में अब 17 नवंबर को सुनवाई करेगा।
सबसे अधिक दादरी में कब्जे
जिलाधिकारी की रिपोर्ट के मुताबिक 1018 तालाब में से 192 पर कब्जे हैं। दादरी तहसील में 480 तालाब हैं जिनमें से 134 पर कब्जे हैं। जेवर तहसील में 293 में 30 और सदर तहसील में 245 में से 48 तालाबों पर अतिक्रमण है। जिलाधिकारी का कहना है कि सभी मामलों में सुनवाई सक्षम कोर्ट में चल रही है। कुछ तालाबों से अतिक्रमण हटाया गया है। कुछ के लिए आदेश हो चुका है और इन आदेश पर कार्रवाई की जानी है।