फोटो 13 अक्तूबर को माई सिटी में छपी खबर की पीडीएफ, पांच साल से मरीजों के इंतजार में एक अस्पताल। अमर उजाला असर।
भंगेल में 50 बेड की नई बिल्डिंग में मरीजों को मिलेगा इलाज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भंगेल सीएचसी परिसर में बने 50 बेड के महिला प्रसूति एवं बाल चिकित्सालय को उपयोगी बनाया जाएगा। सीएमओ कार्यालय ने सीएचसी प्रभारी को नई बिल्डिंग को उपयोग में लेने के लिए कहा है। मामले में अमर उजाला में 13 अक्तूबर को खबर प्रकाशित होने के बाद संज्ञान लिया गया है।
वहीं जरूरी संसाधनों को स्वास्थ्य विभाग अपने बजट से यहां उपलब्ध कराएगा। शासन से संसाधन मिलने में हो रही देरी पर यह तय किया गया है कि अभी मौजूदा सीएचसी में आने वाले मरीजों को ही जरूरत के मुताबिक यहां इलाज देना शुरू किया जाए।
सीएमओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सीएचसी प्रभारी को कहा है कि बिल्डिंग का उपयोग शुरू कराएं। मौजूदा पुरानी बिल्डिंग पहले ही बदहाल हो चुकी है। ऐसे में वहां मरीजों को भी असुविधा होती है। प्रसव और बाल रोग के लिए जरूरी विशेषज्ञ डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सीएचसी पर है। ऐसे में यहां से बेड शिफ्ट कर वहां इलाज और प्रसव की सुविधा शुरू कराई जा सकती है। शासन से भी पत्राचार कर सीएचसी की क्षमता बढ़ाने के लिए चिकित्सकीय स्टाफ और अतिरिक्त फर्नीचर की मांग की जा रही है। इससे पहले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई बिल्डिंग में भर्ती शुरू करा देंगे। सफाई आदि के लिए जो बजट जरूरी होगा। वह सीएचसी की मांग पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। ऐसे में करीब पांच साल के बाद इस बिल्डिंग को मरीजों के लिए उपयोगी बनने की संभावना बन रही है।