ठंड में ठिठुर रहे बच्चे, शिक्षिका सेंक रही धूप
- स्कूलों से बच्चों को नहीं मिले स्वेटर, पुराने पहनने से इनकार
- बेसिक शिक्षा अधिकारी बोले- 3 दिसंबर तक हर हाल में छात्रों को देने थे स्वेटर
नेहा शर्मा
नोएडा। ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम लोग स्वेटर पहने हुए दिखाई देने लगे हैं। शहर के निजी स्कूलों में भी बच्चों ने स्वेटर पहनकर आना शुरू कर दिया है। लेकिन सरकारी स्कूलों में अब तक सभी बच्चों को स्वेटर नहीं दिए गए हैं। स्कूल प्रबंधक उनको पुराने स्वेटर पहनकर आने के लिए बोल रहे हैं। ठंड में बच्चों से जूते तक बाहर निकलवाकर फर्श पर बैठाया जा रहा है। इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश भी दिए हैं। अमर उजाला टीम ने सोमवार को मामूरा के सरकारी स्कूलों का जायजा लिया। पेश है रिपोर्ट...
- टीचर सेंक रही धूप, बच्चे पढ़ा रहे
मामूरा के प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका धूप सेंकती मिली। जबकि एक बच्ची कक्षा में किताब लेकर अन्य बच्चों को पढ़ा रही थी। जब धूप सेंक रही शिक्षिकाओं ने कैमरामैन को देखा तो दौड़कर सभी अपने क्लास रूम में चली गई। एक शिक्षिका ने बताया कि विभाग की तरफ से उन्हे बीएलओ की जिम्मेमदारी दी गई है। ऐसे में वह लोग पढ़ाएं या फिर काम करें।
- बच्चों को जूते निकलवाकर फर्श पर बैठाया
बच्चों को जूते निकलवाकर फर्श पर बैठाया जा रहा है। ऐसे में सीधे ठंड बच्चों को लग रही है। बच्चाें ने बताया कि शिक्षिका ने बोला है कि क्लास में मिट्टी नहीं आनी चाहिए। नहीं तो तुम लोगों को ही सफाई करनी पड़ेगी। इसलिए सभी को जूते बाहर निकालकर कक्षा में फर्श पर बैठना पड़ता है।
- ठंड की वजह से बच्चाें को धूप में बैठाया
मामूरा के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ के बच्चे क्लास में बैठे हुए थे, लेकिन वहां उन्हे ठंड लग रही थी। बच्चों ने स्वेटर तक नहीं पहना हुआ था। छात्रों ने शिक्षक से कहा तो उन्होंने बाहर धूप में बैठाया।
शिक्षिका ने कहा स्वेटर बंटे, बच्चों ने कहा नहीं मिले
मामूरा के प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल में मौजूद शिक्षिका का कहना था कि बच्चों को स्वेटर दिए गए हैं। जबकि बच्चाें ने स्वेटर मिलने की बात से इंकार किया है। प्राइमरी स्कूल की अध्यापिका ने बताया कि बच्चों को स्वेटर दिए गए हैं। जब कक्षा चार में बच्चों से पूछा गया तो उनमें से आधे से ज्यादा बच्चों ने हाथ खड़े कर दिए। एक छात्रा ने बताया कि उनको शिक्षिका ने बोला है कि पुराना स्वेटर पहनकर आएं, जैसे और बच्चे पहनकर आ रहे हैं।
बयान...
मामूरा के प्राइमरी स्कूल की प्रिंसिपल श्रुति ने बताया कि बच्चों को स्वेटर दे दिए गए हैं। सिर्फ एक-दो बच्चे ही होंगे, जिन्हे स्वेटर नहीं मिले हैं।
बयान...
जूनियर हाई स्कूल की प्रिंसिपल मृदुला ने बताया कि 50 प्रतिशत बच्चों को स्वेटर दे दिए गए हैं। जिन्हे नहीं मिले हैं, उनको भी मंगलवार तक स्वेटर दे दिए जाएंगे।
बयान....
3 दिसंबर तक स्कूलों को छात्रों को हर हाल में स्वेटर बांटने थे। इस बारे में स्कूल प्रबंधक से बात की जाएगी। ठंड में छात्रों से कैसे जूते निकलवा सकते हैं। इस तरह का कोई नियम नहीं है। बच्चों द्वारा क्लास को पढ़ाने के मामले पर स्कूल से रिपोर्ट मांगी जाएगी।
- बाल मुकुंद प्रसाद, बेसिक शिक्षा अधिकारी