बारिश से 14 घंटे गुल रही बिजली
फरीदाबाद। शहर में मंगलवार रात आई आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था की पोल खुल गई। बारिश आने के तुरंत बाद शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। इस दौरान लोगों को करीब 14 घंटे बिजली बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। मंगलवार रात करीब 11 बजे गई बिजली बुधवार दोपहर एक बजे आई।
मंगलवार रात को तेज हवा चलने के साथ बारिश शुरू हो गई थी। इसके बाद एनआईटी एक, दो, तीन, पांच, सेक्टर 7, 8, 9, 10, 15, 16, गांव सरूरपुर, गौंछी, जीवन नगर व ग्रेटर फरीदाबाद के कई इलाकों में बिजली सप्लाई गुल हो गई। बिजली जाने के बाद एक घंटा लोगों ने सप्लाई बहाल होने का इंतजार किया। बारिश रुकने के बाद भी जब बिजली नहीं आई तो शिकायत केंद्रों पर फोन किया। लोगों ने बताया कि शिकायत केंद्र पर बैठे कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि लाइन में फॉल्ट हुआ है। इस कारण बिजली नहीं आ रही। गांव गौंछी, जीवन नगर व आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह करीब 8 बजे बिजली सप्लाई बहाल हो गई, मगर एनआईटी पांच और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद बिजली आई। ऐसे में लोगों को करीब 14 घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। घरों में पेयजल सप्लाई भी ठप रही। लोगों ने कहा कि बिजली निगम को सिस्टम मजबूत करने की जरूरत है।