मोदी आज काशी को देेंगे 2,413 करोड़ की सौगातें
ब्यूरो
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को 2, 413 करोड़ रुपये की सौगातें देंगे। साढ़े तीन घंटे के दौरे में बाबतपुर फोरलेन, रिंग रोड, दीनापुर एसटीपी और रामनगर स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल सहित 10 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा काशी के विकास से जुड़ी सात परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री दोपहर बाद ढाई बजे विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से रामनगर पहुंच कर मल्टी मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। पीएम यहां आरएन टैगोर जलपोत से आए कंटेनर को रिसीव करने के साथ ही वाराणसी से हल्दिया के बीच गंगा में जल परिवहन की शुरूआत करेंगे। यहां 40 मिनट रुकने के बाद प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट लौटेंगे। यहां से बाबतपुर फोरलेन के रास्ते रिंग रोड स्थित वाजिदपुर गांव में अपराह्न चार बजे सभा स्थल पहुंचेेंगे। जनसभा के बाद देर शाम वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
-------
बाबबतपुर से वाजिदपुर तक होगा रोड शो
वाराणसी। रामनगर स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल राष्ट्र को समर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से पीएम मोदी काफिले के साथ लोकार्पित होने वाली बाबतपुर फोरलेन को देखते हुए रोडशो करते वाजिदपुर गांव में सभा स्थल पहुंचेंगे। सूत्रों की मानें तो पीएम इस दौरान गाड़ी से उतर कर कुछ दूर तक सड़क पर चहलकदमी भी कर सकते हैं।