हरियाणा में विश्वस्तरीय मंडियां बनेंगी : कृषि मंत्री
गुरुग्राम। हरियाणा में विश्वस्तरीय मंडियां बनाई जाएंगी। इसके लिए राज्य सरकार वर्ल्ड यूनियन ऑफ होल सेल मार्केट कांफ्रेंस का आयोजन करा रही है। गुरुग्राम में 11 एवं 12 अक्तूबर को होने वाली इस बैठक में 19 देशों के राजदूत, 16 देशों और देश के 17 राज्यों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इसके अलावा राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस तरह की भारत में ही नहीं बल्कि एशिया में पहली बार कांफ्रेंस हो रही है। यह जानकारी राज्य के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने शुक्रवार को गुरुग्राम में संवाददाता सम्मेलन में दी।
धनखड़ ने बताया कि इस कांफ्रेंस का 11 अक्तूबर को केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह उद्घाटन करेंगे, जबकि 12 अक्तूबर को कांफ्रेंस के समापन के अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि कांफ्रेंस में विशेषज्ञ पैकिंग के माध्यम से फल एवं सब्जी को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के बारे में बताएंगे। वहीं मंडियों में पैदा होने वाले कूड़े-कचरे के निपटान का तरीका भी बताया जाएगा।
गुरुग्राम में हॉलैंड जैसी फूल मंडी बनेगी : धनखड़ ने बताया, गुुरुग्राम में विदेशों जैसी फूल मंडी विकसित की जाएगी। इस संबंध में कृषि विभाग के अधिकारियों ने हॉलैंड की विख्यात फूल मंडी का निरीक्षण किया है। इस मंडी में पूरे विश्व के लोग फूल बेचने जाते हैं और सभी देशों में इस मंडी से फूल खरीदकर लाए जाते है। गुरुग्राम में ऐसी मंडी जल्द ही बनाने की शुरूआत की जाएगी।
गन्नौर में मंडी नहीं बनने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया :
राज्य के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने गन्नौर में मंडी विकसित नहीं होने के लिए राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, गन्नौर मंडी को विकसित करने के लिए फ्रांस की रंगिस मंडी आगे आई थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उसके प्रतिनिधियों को वापस भेज दिया। इसके अलावा कांग्रेस सरकार ने भी गन्नौर में मंडी विकसित करने के लिए योजना नहीं बनाई।