हेडिंग: ग्रीन बेल्ट और कई गांवों में ध्वस्त होंगे अवैध निर्माण
सबहेड: सर्वे का काम पूरा, बन गई है सूची, कार्रवाई की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित और कब्जा प्राप्त जमीन पर किए गए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की तैयारी प्राधिकरण कर रहा है। इसमें ग्रीन बेल्ट और गांवों में नियमों को ताक पर रखकर बनाई गई इमारतें भी शामिल हैं।
मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण की ओर से ऐसी इमारतों को ध्वस्त करने से पहले लीगल डिपार्टमेंट से राय लेने की कवायद की गई। हरी झंडी मिलते ही प्राधिकरण की टीम प्रशासन के साथ ऐसे निर्माण को ध्वस्त करेगी। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक , ग्रीन बेल्ट में सैकड़ों अस्थायी निर्माण किए गए हैं। यह निर्माण पूरी तरह से अवैध हैं। ऐसे निर्माण को एक से दो दिन के भीतर तोड़ा जाएगा। इसके अलावा गांवों में सौ से ज्यादा अवैध इमारतों को नोटिस दिया गया है। नोटिस में ऐसे मकानों के मालिकों को 15 दिन में अवैध निर्माण को तोड़ने की हिदायत दी गई है। अगर ऐसा नहीं होता है तो नोएडा प्राधिकरण इन इमारतों को ध्वस्त कर देगा, ताकि किसी के जानमाल की क्षति न पहुंच सके।
लैंडयूज बदलकर किया जा रहा उपयोग
नोएडा प्राधिकरण की ओर से आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, ग्रुप हाउसिंग आदि के लिए जमीनों का आवंटन किया गया है। इनमें भी खुद ब खुद लैंडयूज बदलकर निर्माण कराया गया है और वहां इस तरह की एक्टिविटी हो रही है। ऐसे निर्माण को भी ध्वस्त करने की बात चल रही है। इसमें कई दुकानें, मॉल आदि हैं। यह सब अवैध तरीके से बनाने की बात बताई जा रही है।
पांच प्रतिशत के प्लॉट का भी गलत उपयोग
नोएडा प्राधिकरण को यह शिकायतें मिली हैं कि पांच प्रतिशत के प्लॉट का भी गलत उपयोग किया गया है। वहां जिस तरह के निर्माण की अनुमति पहले से मिली है उसेे छोड़कर दूसरे तरह का निर्माण कराया गया है। ऐसे मामले में प्राधिकरण विधिक राय ले रहा है।