जिले में 2.96 लाख आयुष्मान कार्ड बनाने का है लक्ष्य, सरकारी अस्पतालों में हैं विशेष हेल्प डेस्क
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 1,83,060 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। योजना का लाभ लेते हुए हजारों मरीजों को निशुल्क इलाज मिल चुका है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शासन की ओर से जिले के लिए कुल 2,96,802 कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. संजीव सारस्वत ने बताया कि लाभार्थियों को इस योजना से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाए और कैंप लगाए जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में विशेष हेल्प डेस्क भी हैं जहां लोग मौके पर ही अपना कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्डधारकों को प्रत्येक वर्ष 5 लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अभी जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि यदि योजना के पात्र हैं और अब तक कार्ड नहीं बना है तो नजदीकी जनसेवा केंद्र या सरकारी अस्पताल में जाकर पंजीकरण करवाएं।