फर्जी दस्तावेज से एचडीएफसी बैंक में पाई वरिष्ठ पद पर नौकरी
गुरुग्राम। प्लेसमेंट एजेंसी व एचडीएफसी बैंक के करो सिफारिश अभियान के तहत एचडीएफसी बैंक में फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौकरी पाने का मामला सामने आया है। सेक्टर-53 थाना पुलिस ने बैंक की एचआर वाइस प्रेजीडेंट की शिकायत पर प्लेसमेंट एजेंसी संचालक सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बैंक ने आंतरिक जांच के दौरान 65 कर्मचारियों की पहचान की है जो बैंक में वरिष्ठ पदों पर तैनात हैं।
पुलिस को दी शिकायत में बैंक की एचआर वाइस प्रेजीडेंट भारती सोनी ने कहा, 25 अक्तूबर 2017 को गीतांजलि बग्गा की सहायक प्रबंधक के पद पर नियुक्ति हुई थी। एचआर विभाग ने फरवरी 2018 में जांच में पाया कि गीतांजलि की नियुक्ति करो सिफारिश के तहत एक बैंक कर्मी की सिफारिश से हुई है। वह एडिको कंसलटेंसी के जरिये इंटरव्यू के लिए आई थी। नियमानुसार गीतांजलि के इंटरव्यू भी करवाए गए थे। यहां उसने पिछली नौकरी के जो दस्तावेज कंसलटेंसी के जरिये दिए, वे सभी फर्जी थे। इस पर बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच बैठाई।
जांच के दौरान 65 ऐसे कर्मियों की पहचान की गई जो करो सिफारिश अभियान के तहत बैंक में वरिष्ठ पदों पर आसीन हुए थे। जांच के दौरान पाया गया कि शक्करपुर निवासी रोहित कुमार उर्फ अमित चौधरी, उनकी पत्नी कोमल कुशवाहा व पटेल नगर गाजियाबाद निवासी विशाल पांडे की इस धोखाधड़ी में अहम भूमिका है। रोहित कुमार उर्फ अमित चौधरी ने ही यह कंसलटेंसी बनाई थी। इन 65 कर्मियों ने जो दस्तावेज व जानकारी उपलब्ध करवाई थी, उन सबकी जांच की गई जो जांच में फर्जी साबित हुई। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।