सड़कों पर जलभराव, चलना दूभर
ग्राम पंचायत व पंचायत विभाग समस्या की ओर नहीं दे रहा ध्यान
प्रशासन से समस्या से निजात दिलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
तावडू। गांव मंडारका में पानी की निकासी नहीं होने से बरसात से रास्तों में जलभराव हो गया है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत व पंचायत विभाग का इस ओर ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कीचड़ व जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है।
समसूदीन, हाजी अजीम, हाजी सुरजन, सिराजुदीन, हाजी मुबीन व अतरखां आदि का कहना है कि गांव मंडारका में करीब एक साल पहले पंचायत द्वारा फिरनी का निर्माण कराया गया था। निर्माण के दौरान गलियों से फिरनी को करीब एक फुट ऊंचा बनाया गया है, जिससे गलियों में मामूली बरसात होने पर ही जहां पानी भर जाता है। वहीं घरों का पानी भी नहीं निकल रहा है, जिसकी वजह से रास्तों में गंदगी से ग्रामीण परेशान हैं।
जिस दिन अधिक बारिश हो जाए उस दिन तो निकासी नहीं होने के कारण पानी घरों में घुस जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते दो दिन से हो रही बरसात के बाद गलियों में पानी भरने के कारण ग्रामीण बेहद परेशान हैं। मस्जिदों में नमाज के लिए जाते समय नमाजियों के कपड़े खराब हो जाते हैं। जलभराव से मच्छर भी बढ़ गए हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बन गया है। ग्रामीण का कहना है कि वह कई बार सरपंच से लेकर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तक समस्या के समाधान की मांग कर चुके है लेकिन समस्या का हल नहीं हो पा रहा है।
फोटो कैप्शन: गांव मंडारका रास्ते में भरा पानी