द्वितीय मेवात प्रो कबड्डी लीग की अंतिम 8 टीमों का मुकाबला आज से
3 दिसंबर को गांव बीवां में होगा फाइनल
पुन्हाना। पिछले 15 दिन से जिले के विभिन्न गांवों में चल रहे प्रो कबड्डी लीग मुकाबले में अंतिम आठ में पहुंचीं टीमें आज से नूंह खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घासेड़ा में भिड़ेंगी। कबड्डी के महामुकाबला में 19 टीमों ने हिस्सा लिया था। लीग से जीतकर आईं ये आठ टीमें जिले की सबसे अच्छी टीमें मानी जा रही हैं जिसमें घासेड़ा, सिरौली, फिरोजपुर नमक, सलाहेड़ी, मालब, बिस्सर, तावड़ू व आलदूका की टीम शामिल है। पिछले साल से जिले में एबीएस फाउंडेशन इन मैचों का आयोजन करा रहा है।
एबीएस फाउंडेशन के वरिष्ठ सदस्य एवं प्रोग्राम डाइरेक्टर नवीन लाठर ने बताया कि 3 नवंबर को द्वितीय मेवात प्रो कबड्डी लीग का आयोजन राजकीय माध्यमिक विद्यालय बीवां नूंह से शुरू हुआ। रविवार से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घासेड़ा में लीग की सुपर आठ टीमें भाग ले रही हैं। सभी टीमों के बीच सात-सात मैच खेलेंगी जिनका अलग-अलग गांवों में आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि रविवार को गांव घासेडा में, 23 नवंबर को गांव बिसर में, 24 नवंबर को तावडू में तथा दो दिसंबर का सेमी फाइनल और फाइनल मुकाबला गांव बीवां में खेला जाएगा। सभी आठ टीमें एक दूसरे के साथ सात-सात मैच खेलेंगी, हर मैच के दो अंक हैं, उसमें टॉप चार टीम सेमी फाइनल खेलेंगी और उनमें जीतने वाली दो टीम फाइनल खेलेगी।