फ्रेट कॉरिडोर से युवाओं को मिलेगा रोजगार : उपायुक्त
तावडू बाईपास से निकलने वाली लाइन के कार्य का डीसी पंकज कुमार ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
- ओवरहेड तारों को हटाने पर करीब 4 करोड़ की राशि खर्च होगी
तावडू। उपमंडल से निकलने वाली वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर लाइन के कार्य की प्रगति का डीसी पंकज कुमार ने सोमवार को राजस्व अधिकारियों संग निरीक्षण किया। रेलवे द्वारा सात साल पहले अधिग्रहण की गई जमीन पर किसी तरह के कब्जे को लेकर भी डीसी ने अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कार्य में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं होने सहित सहयोग करने के निर्देश दिए।
सोमवार को डीसी ने तावडू बाईपास से निकलने वाली रेलवे लाईन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए। डीसी ने कहा कि इलाके से फ्रेट कॉरिडोर के निकलने से यहां के युवाओं व लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे और इलाके के विकास को और गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि तावडू से माल ढुलाई के लिए रेलवे नई लाइन बना रहा है। इसके लिए रेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2011 में क्षेत्र के किसानों की भूमि अधिग्रहण की गई थी। लेकिन इतने सात साल बाद बीते महीने लाइन के बीच आने वाली ओवरहेड बिजली की तारों के भूमिगत करने का कार्य शुरू किया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कॉरिडोर के बीच में आने वाली 70 क्रासिंग को भूमिगत करने का ठेका बालाजी इंटरप्राइजेज व डीएफएस को दिया गया है। ओवरहेड बिजली की तारों को हटाने पर करीब 4 करोड़ की राशि खर्च होगी।
फोटो कैप्शन: तावडू बाईपास से निकलने वाली लाइन का निरीक्षण करते हुए डीसी व अन्य।