अगले हफ्ते हवा और हो जाएगी जहरीली
गुरुग्राम। प्रदूषण की मार झेल रहे गुरुग्राम की हवा अगले हफ्ते और जहरीली हो जाएगी। धीरे-धीरे प्रदूषण का स्तर बेहद खराब होने लगा है। गुरुग्राम वायु प्रदूषण से घिर गया है और जिले में वायु प्रदूषण की स्थिति पूरी तरह असहनीय हो गई है। जिले में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में पीएम-2.5 का स्तर खतरनाक स्थिति के पायदान पर पहुंच गया है। प्रदूषण बढ़ने के साथ आंखों में जलन होने लगी है।
दिवाली के आसपास हालात बेहद खराब होने का अनुमान है। गुरुग्राम में शनिवार को एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में पीएम-2.5 का स्तर 399 पहुंच गया, जबकि शुक्रवार को 378 और बृहस्पतिवार को 357 था। इस तरह जिले में प्रदूषण के स्तर में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है और तीन दिनों के आंकड़े देखें तो रोजाना एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में पीएम-2.5 का स्तर बढ़ रहा है।
वायु प्रदूषण के स्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रहने की स्थिति में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में पीएम-2.5 का स्तर चार सौ का आंकड़ा पार कर जाएगा। इस तरह आगामी दिनों के दौरान हालात बद से बदतर होने का अनुमान है, क्योंकि दिवाली के आसपास प्रदूषण बेहद अधिक हो जाता है।
गुरुग्राम देश में तीसरे पायदान पर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शनिवार को गुरुग्राम में देश के 67 शहरों में प्रदूषण का स्तर तीसरे स्थान पर रहा। गुरुग्राम से अधिक गाजियाबाद और कानपुर में प्रदूषण का स्तर रहा। इस तरह गुरुग्राम में आपात स्थिति जैसे हालात हो गए हैं। इसके बावजूद प्रशासन प्रदूषण की रोकथाम के संबंध में कोई कदम नहीं उठा रहा है, जबकि गत माह प्रदूषण की रोकथाम के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक में सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर कमर करने के निर्देश दिए गए थे। खास बात यह है कि सभी विभागों की ओर से किए जाने वाले कार्य तय हैं।
एयर क्वॉलिटी इंडेक्स
50 के नीचे हो तो अच्छा
51-100 के बीच संतोषजनक
101 से 200 के बीच ठीकठाक
201 से 300 के बीच खराब
300 से 400 के बीच बहुत खराब
400 से 500 के बीच खतरनाक