नाबालिग वाहन चलाते मिले तो कटेंगे चालान
तावडू़। जिले में वाहन चलाने वाले नाबालिग चालकों पर शिकंजा कसते हुए उनके चालान काटे जाएंगे। साथ ही नेशनल हाइवे पर बने अवैध कट भी बंद किए जाएंगे। ताकि सड़क दुर्घटनाआें में कमी लाई जा सके। यह दिशा-निर्देश बुधवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विक्रम सिंह दिए।
लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में जिला सड़क सुरक्षा समिति से संबंधित मुद्दों के अंतर्गत सड़कों, बाजारों व अन्य आवश्यक एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज को निर्देश दिए कि 18 साल से कम आयु के चालकों के चालान काटने में तेजी लाई जाए। उन्होंने ट्रैफिक लाइट व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर्स, रम्बल स्ट्रिप्स, कैट आई, जैब्रा क्रासिंग, राष्ट्रीय राजमार्ग कट, चेतावनी बोर्ड, ट्रैफिक चालान, आरटीए चालान, सड़क सुरक्षा शिक्षा व जागरूकता, स्वास्थ्य जांच शिविर आदि से संबंधित मामलों की जानकारी लेकर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिले के विभिन्न चौक चौराहों पर ऑटो रिक्शा पार्किंग, ट्रैफिक लाइट, स्पीड ब्रेकर व जैब्रा क्रासिंग, सड़क सुरक्षा जागरूकता व स्वास्थ्य जांच शिविर आदि का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिले के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विक्रम ने कहा कि नेशनल हाइवे से अवैध कट बंद हों तथा सभी व्यावसायिक वाहन की पासिंग बगैर रिफ्लेक्टेड प्लेट के न हो। सभी स्कूलों के साथ आवश्यकता अनुसार ब्रेकर आदि बनाने के निर्देश भी उन्होंने दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़कों की साफ सफाई व रखरखाव के निर्देश दिए।
------