रविवार को नोएडा स्टेडियम में पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था की ओर से महाकौथिग की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने की। इसमें मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान, संस्थापिका एवं लोकगायिका कल्पना चौहान समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में मेले की तैयारियों, मंच सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आयोजन की जिम्मेदारियां भी सदस्यों को सौंपी गईं।
मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान ने बताया कि इस बार महाकौथिग को पहले से अधिक खास बनाने की तैयारी है। मेले में एआई तकनीक के माध्यम से डिजिटल प्रबंधन और आगंतुकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है। मंच को मां सुरकंडा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाकौथिग केवल मेला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोककला, रीति-रिवाज, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को एक मंच पर लाने का प्रयास है।
मेले में उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से 150 से अधिक लोक कलाकार हिस्सा लेंगे। नौ दिनों तक हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और लोकसंगीत की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी मेले का हिस्सा होंगे। आयोजन की स्मारिका और 12 पृष्ठों का विशेष आमंत्रण पत्र भी प्रकाशित किया जाएगा।
संस्था की अध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने उत्तराखंड के प्रवासियों और संस्कृति प्रेमियों से आयोजन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि महाकौथिग का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। इसके माध्यम से दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।