नोएडा के सेक्टर-63 स्थित बहलोलपुर में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते लोग।
नोएडा। सेक्टर-65 स्थित बहलोलपुर गांव में रविवार दोपहर 163 झुग्गियों व कई गोदामों में आग लग गई। घटना में दो साल और छह साल की दो बहनों की मौत हो गई, जबकि 1000 से अधिक लोग बेघर हो गए। 17 दमकल गाड़ियों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिला प्रशासन ने इस भीषण अग्निकांड के प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद दिए जाने की बात कही है। दोनों बच्चियों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, बहलोलपुर गांव के खाली प्लॉट में 1000 से अधिक झुग्गियां व गोदाम बने हैं। बहलोलपुर निवासी एक शख्स ने किराये पर इन झुग्गियों को दे रखा है। इनमें बिहार और बंगाल के लोग रहते हैं। यह लोग कबाड़ चुनने व कंपनियों से कबाड़ खरीदकर बेचने का काम करते हैं। दोपहर करीब एक बजे झुग्गियों में महिलाएं और बच्चे सोए हुए थे। अधिकतर पुरुष काम पर गए हुए थे। इसी दौरान एक झुग्गी में आग लग गई जो देखते ही देखते अन्य झुग्गियों में भी फैल गई। इस दौरान झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर भी फटने लगे। आग की लपटें इतनी तेज थी कि झुग्गियों में रहने वाले लोग किसी तरह खुद और बच्चों को लेकर बाहर निकले। इस बीच नालंदा जिला निवासी सुलेखा की दो बच्चियां झुग्गियों में ही रह गईं। जलने से दोनों की मौत हो गई। इसके बाद अग्निशमन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। नोएडा सेंट्रल के डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि आग को बुझा लिया गया है और पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम सर्च अभियान चला रही है। हादसे की जांच की जा रही है।
आग पर पूरी तरह काबू पाया जा चुका है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में दो साल व छह साल की दो बच्चियों की मौत हुई है।
- अरुण कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी