गोचारण जमीन को खाली कराने की सीएम से फरियाद
तावडू। अखिल भारतीय शहीदाने सभा मेवात के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरफूदीन मेवाती ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल को पत्र भेजकर पंचायत के अधीन गोचारण जमीन को मुक्त कराने की फरियाद लगाई है। उन्होंने कहा कि गोधन चरण की जमीन न होने से गोवंश को बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है और गोपालक के पास भूमि न होने से वह गोपालन नहीं कर पा रहा है। उन्होंने अपनी संस्था की जिला इकाईयों को भी इस ओर ध्यान देने की अपील की है। चकबंदी के समय सरकार ने पंचायतों को गोचारण की भूमि अलग से मुहैया कराई थी। ताकि पंचायत के गोधन व अन्य पशु इस भूमि में चर सकें। लेकिन धीरे-धीरे पंचायत प्रतिनिधियों ने राजस्व कर्मचारियों से कथित तौर से सांठगांठ कर जमाबंदियों में हेरफेर कर गोचारण की जमीन को पंचायत के अधीन दिखाकर ज्यादातर को खुर्दबुर्द कर दिया है या फिर इनमें अतिक्रमण करा दिया गया है। जिससे गरीब गोपालक भूमि न होने से हाशिये पर आ गये हैं। जबकि गोचारण की भूमि पर पंचायत को किसी भी प्रकार का दखल की इजाजत नहीं दी गई है। ब्यूरो