नगर पालिका कार्यालय में अब नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर
- एक ही हॉल की खिड़कियों पर होगी शहर के लोगों की समस्या से संबंधित सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो,
नूंह। अब शहर के लोगों को नगरपालिका से संबंधित कार्यों के लिए बाबूओं की टेबलों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए नपा प्रशासन ने नपा कार्यालय में सीटीजन फेसलिटी सेंटर सीएफसी खोल दी है। जिस पर हर काम आनलाइन होने के साथ-साथ सभी समस्याओं की सुनवाई व शिकायत एक ही हॉल में अलग-अलग खिड़कियों पर हो रही है। इससे आमजन को जहां काफी राहत मिली है वहीं नपा प्रशासन भी हाइटेक हुआ है।
बता दें, कि अब से पहले नूंह नगरपालिका में लोगों को हाउस टैक्स, एनओसी, लाइट, सफाई, सीवरेज, लाइसेंस के अलावा अन्य कार्य कराने के लिए नपा कार्यालय में इधर-उधर बाबूओं की टेबलों के चक्कर लगाने पड़ते थे। आए दिन लोगों को कागज गुम होने की शिकायत रहती थी। जिससे लोग परेशान रहते थे। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए नपा प्रशासन व चेयरपर्सन ने कार्यालय में सीएफसी शुरू करा दी है। इससे अब लोगों को काफी राहत मिली है। इसमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, बिजली-पानी, सड़क, नाली, टैक्स सहित नपा प्रशासन से संबंधित तमाम समस्याओं की शिकायत व समाधान कराया जा रहा है।
हमारी कोशिश है नगरपालिका में किसी भी शहरवासी को दिक्कत न हो, सीएफसी इसी कड़ी का हिस्सा है। यहां आनलाइन सिस्टम होने के साथ-साथ एक ही कमरें में हर समस्या का समाधान किया जा रहा है। कर्मचारियों को साफ निर्देश है कि लोग किसी भी कार्य के लिए बार-बार चक्कर न काटे। हर काम समय सीमा में करने के निर्देश दिए हुए हैं।
सीमा सिंगला, चेयरपर्सन नगरपालिका नूंह।