जांच के बाद कथित मस्जिद की सील खोलने पर होगा फैसला
गुरुग्राम। शीतला कॉलोनी में कथित मस्जिद की सीलिंग खुलवाने का समाधान शनिवार को नहीं हो पाया है। इस मामले में शनिवार को दूसरी बार मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त डॉ. डी सुरेश से मुलाकात की। मंडलायुक्त ने जल्द ही कथित मस्जिद की सील खुलवाने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पहले यह देखा जाएगा कि किन परिस्थितियों में इमारत को सील किया गया। उसी आधार पर जांच के बाद कथित मस्जिद की सील खोलने या नहीं खोलने का निर्णय होगा। हालांकि मंडलायुक्त ने इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किए हैं।
दूसरी ओर, इस मामले में मुस्लिम संगठन सोमवार को मंडलायुक्त की कोर्ट में पूरे मामले को लेकर अपील दायर करेंगे। शीतला कॉलोनी स्थित कथित मस्जिद को मंडलायुक्त द्वारा शुक्रवार को डी सील करने के आदेश दिए जाने के बाद ऊहापोह की स्थिति बन गई। देर शाम मंडलायुक्त ने अपने आदेश को वापस ले लिया। इस मामले में शनिवार को मुस्लिम एकता मंच और नूंह विधायक जाकिर हुसैन के नेतृत्व में दो अलग-अलग प्रतिनिधि वर्ग मंडलायुक्त डी सुरेश से मुलाकात करने पहुंचे।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कैसे मंडलायुक्त ने शुक्रवार को कथित मस्जिद की सील खोलने के आदेश कर दिए, लेकिन शाम तक आदेश वापस ले लिए गए। मुलाकात के बाद विधायक जाकिर हुसैन ने बताया कि मंडलायुक्त ने सील खुलवाने को लेकर जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया है। हालांकि मंडलायुक्त ने पूरे मामले की जांच के बाद ही कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मुस्लिम एकता मंच के अध्यक्ष हाजी शहजाद खान के मुताबिक, पूरे मसले पर शांतिपूर्ण तरीके से मुस्लिम समुदाय अपना विरोध दर्ज कर रहा है। हम कानूनी पहलुओं के आधार पर सोमवार को मंडलायुक्त की कोर्ट में डी सीलिंग की अपील करेंगे। उधर, भारत बचाओ संगठन खुले में नमाज को लेकर विरोध की बात पर डटा हुआ है।